Type Here to Get Search Results !

हमारी सरकार जनता की सरकार है, जनता की भलाई के काम कर रही है- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गैरतगंज में 20 करोड़ रूपए के निर्माण कार्यो का किया भूमिपूजन और लोकार्पण----










      मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गैरतगंज में 20 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास और निर्माण कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार है और जनता की भलाई के लिए काम कर रही है। इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने विकास के जिन कामों के लिए कहा है, उन सभी कामों को किया जाएगा।
      मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गैरतगंज में कम्युनिटी हाल बनाया जाएगा। तीन साल में गैरतगंज के हर घर में नल लगेगा। बहनों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गैरतगंज में अगले तीन साल में सभी पात्र लोगों को पीएम आवास स्वीकृत किए जाएंगे। सभी के पक्के घर होंगे कोई भी कच्चा घर रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने देहगांव स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने का बनाने का जो वादा किया है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैरतगंज नगर के विकास के लिए दो करोड़ रूपए की राशि स्वीकृति की जाएगी।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछली सरकार ने गरीबों के लिए बनी संबल योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी थी जिन्हें फिर से शुरू किया जा रहा है। मेधावी विद्यार्थियों को भी लैपटॉप दिए जा रहे हैं। अब कमजोर वर्ग के बच्चों की फीस प्रदेश सरकार जमा करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाता था लेकिन पिछली सरकार ने उसे भी बंद कर दिया। अब किसानों को फिर से जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाएगा।
      मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 22 लाख किसानों को खरीफ-2019 फसल बीमा की 4600 करोड़ रूपए की राशि देने का काम किया है। रायसेन जिले के भी 84 हजार किसानों के खाते में 70 करोड़ रूपए से अधिक फसल बीमा राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिवर्षा और बाढ़ से हुए नुकसान की भी भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को वर्ष में तीन किश्तों में 6 हजार रूपये मिलते है। अब प्रदेश में भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारंभ की गई है, जिसके तहत पीएम किसान योजना के हितग्राही किसानों को चार हजार रूपए सम्मान निधि राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी। इस प्रकार हर किसान को प्रति वर्ष कुल 10 हजार रूपए की सम्मान निधि प्राप्त होगी।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार बनते ही हमारे समक्ष कोरोना से लड़ने की चुनौती थी। हमने कोरोना से लड़ने के सभी उपाय किये। हमारे प्रयासों को सफलता भी मिल रही है। साथ ही आवश्यक वित्तीय प्रबंधन भी हमारे लिए एक चुनौती था, लेकिन सरकार इस कार्य में पीछे नहीं हटी। कोरोना महामारी के इस कठिन दौर में भी सभी वर्गो के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं के लिए स्ट्रीट वेंडर योजना जीवनदायी योजना है। सरकार बिना ब्याज के व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए गरीब मेहनतकसों को 10 हजार रुपये का ऋण दे रही है। यह एक ऐसी योजना है जिससे कोरोना के कारण रुकी हुई जिंदगी की गाड़ी फिर से पटरी में आ जाएगी।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के कमजोर वर्ग के 37 लाख लोगों को नवीन खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्रदान की गई जिससे उन्हें भी उचित मूल्य पर राशन मिलने लगा है। इनमें रायसेन जिले के 76 हजार से अधिक नवीन पात्र हितग्राहियों को भी उचित मूल्य राशन मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 13 हजार स्व-सहायता समूहों से जुड़े एक लाख 30 हजार से अधिक जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को एक ही दिन में लगभग 200 करोड़ रूपये का ऋण वितरित किया गया है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के भाई-बहनों को उनका वाजिब हक दिलवाने के लिए सरकार सदैव तत्पर है। प्रदेश में अनुसूचित जनजाति वर्ग के सभी पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनेक योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।  

    कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और कल्याणकारी कार्यो का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को गति मिली है। प्रदेश में अनेक कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ की गई है। सांसद श्री सिंधिया ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी सांची विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सदैव समर्पित हैं। उनके द्वारा क्षेत्र और लोगों के कल्याण के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।  

    स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के किसानों के लिए, युवाओं के लिए, छात्रों के लिए, कमजोर वर्ग के लिए विभिन्न योजनाएं और सौगात दे रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 15 सितम्बर को ही सांची विधानसभा क्षेत्र में 292 करोड़ रूपए से अधिक राशि के विकास कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। आज पुनः 20 करोड़ रूपए के विभिन्न कार्यो की सौगात क्षेत्र को दी है।
    स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कहीं कोई कमी नहीं रहेगी। सांची और गैरतगंज क्षेत्र में गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है। गैरतगंज क्षेत्र में ही 12 करोड़ रूपए की लागत से चार पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 55 करोड़ रूपए से अधिक लागत से गढ़ी से अहमदपुर मार्ग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। भूलनटोला से बावलिया इमलिया मार्ग का, रायसेन सागर रोड से जुझारपुर मार्ग का तथा किशनपुर से तरावली-बनियाखेड़ी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही दो करोड़ रूपए की लागत से रजपुरा सब स्टेशन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

पूर्व मंत्री डॉ गौरीशंकर शेजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र के विकास के लिए आज एक बार फिर सौगात देते हुए निर्माण और विकास कार्यो का भूमिपूजन, लोकार्पण किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान किसानों के हित में निरंतर काम कर रहे हैं। प्रदेश के 22 लाख किसानों के खातों में 4600 करोड़ रूपए से अधिक फसल बीमा राशि जमा कर किसानों को बहुत राहत दी है।

पूर्व मंत्री एवं सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह ने कहा कि आज सांची विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री श्री चौहान सांची विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहा रहे हैं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में विकास और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान सभी वर्गो को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर रहे हैं। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ जयप्रकाश किरार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद श्री रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री एवं भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव, एसपी श्रीमती मोनिका शुक्ला, युवा नेता श्री मुदित शेजवार, श्री रौनक चौधरी भी उपस्थित थे।  

इन कार्यो का किया गया भूमिपूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा गैरतगंज में सांची विधानसभा क्षेत्र के तहत 19 करोड़ 65 लाख रूपए लागत के विभिन्न विकास और निर्माण कार्यो का भूमिपूजन तथा लोकार्पण किया गया। इनमें दो करोड़ 21 लाख रूपए की लागत से बनने वाले तरावली-बनियाखेड़ी रोड पर पुल निर्माण, गैरतगंज विकासखण्ड के तहत ग्राम हिनोतियामहलपुर, आमखेडा, रम्पुराकलां, सिंहपुर तथा जैतपुर में एक करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से बनने वाली  कुल पांच गौशालाओं का, स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय रायसेन में आठ करोड़ 27 लाख रूपए की लागत से होने वाले निर्माण और नवीनीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
इसके अतिरिक्त शासकीय कन्या महाविद्यालय रायसेन में 93 लाख रूपए की लागत से किए जाने वाले निर्माण और नवीनीकरण कार्य का तथा दो करोड़ 81 लाख रूपए की लागत से पण्डित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय बेगमगंज में किए जाने वाले निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शासकीय महाविद्यालय गैरतगंज में तीन करोड़ 53 लाख रूपए की लागत से किए गए अतिरिक्त निर्माण का लोकार्पण किया गया।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.