Type Here to Get Search Results !

खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदला जाए, समस्याओं के निराकरण हेतु लगाएं शिविर

कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने ग्राम पंचायत बरेठा के भ्रमण के दौरान दिए निर्देश


 



   ग्राम पंचायत बरेठा के ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिये शनिवार 14 मार्च को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जायेगा। ग्राम पंचायत की विद्युत डीपी को तत्काल बदलने की कार्रवाई भी की जायेगी। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अचानक जनपद पंचायत मुरार के ग्राम बरेठा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा की तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण हेतु जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
        कलेक्टर श्री सिंह ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात सर्वप्रथम जनपद पंचायत मुरार के ग्राम पंचायत बरेठा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
        कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने ग्राम पंचायत के भ्रमण के दौरान पंचायत भवन का अवलोकन करने के साथ ही पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत भवन के समक्ष बैठकर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को बताया गया कि गाँव में विद्युत ट्रांसफार्मर खराब है। इसके साथ ही कुछ घरों में कनेक्शन लेने के पश्चात भी मीटर नहीं लगाए गए हैं। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने के साथ ही 14 मार्च को शिविर आयोजित कर लोगों की विद्युत संबंधी सभी समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
        कलेक्टर श्री सिंह ने सीईओ जिला पंचायत से कहा है कि जन समस्या निवारण शिविर में विद्युत विभाग की समस्याओं के साथ-साथ अन्य विभागों की समस्याओं का निराकरण भी मौके पर हो, यह सुनिश्चित किया जाए। खेती किसानी से संबंधित किसानों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ किसानों को समय पर मिले, यह भी शिविर में सुनिश्चित किया जाए।
        कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान ग्राम में साफ-सफाई के संबंध में भी अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा गाँव साफ-सुथरा हो, इसकी जवाबदारी भी ग्रामीणों को उठाना चाहिए। ग्राम को पॉलीथिन मुक्त बनाने का बीड़ा भी ग्रामीणजन उठाएं, ताकि ग्राम पंचायत स्वच्छ और पॉलीथिन मुक्त बन सके। उन्होंने गाँव में पेयजल व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.