Type Here to Get Search Results !

स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित सैनिटरी पैड लुभा रहे हैं ग्रामीण महिलाओं को (सफलता की कहानी)



 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भाण्डेर जनपदीय अंचल के ग्राम तिलैरा के दो महिला स्वसहायता समूहों द्वारा बनाए गए सैनिटरी पैड ग्रामीण महिलाओं को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। खास बात यह है कि ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा बनाए गए इन दोनों समूहों के जरिए सैनिटरी पैड निर्माण इकाई से लाभ उठाकर समूह की महिलाएं उद्यमी बन गई हैं। 
  

तिलैरा जैसे ग्रामीण क्षेत्र में काश्तकारी से जुड़ी महिलाओं की किस्मत संवारने के लिए महिलाओं के स्वसहायता समूहों से जुड़े मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन ने इस काम का बीड़ा उठाया और सैनिटरी पैड निर्माण के लिए इन महिलाओं के हुनर एवं कुशल कारीगरी को आगे लाया। मिशन ने कारोबार शुरू करने के लिए समूहों को ग्राम संगठन से डेढ़ लाख रूपये का कर्ज भी दिलवाया। मिशन का मानना था कि काश्तकारी एवं दिहाड़ी मजदूरी में लगी महिलाओं को अच्छी आय की दिशा दिखाकर सैनिटरी पैड निर्माण कार्य में लगाया जाए, तो वे ज्यादा पैसा कमाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर बच्चों को ढंग से पढ़ा-लिखा सकेंगी।
    ग्रामीण अंचल में भी सैनिटरी पैड का कार्य बड़े कारोबार का रूप ले चुका है। दोनों समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार सैनिटरी पैड की तिलैरा के आसपास के क्षेत्र में खपत होने के साथ-साथ भाण्डेर में भी इसकी खपत है। इस धंधे से दो समूहों की महिलाओं के परिवार अपनी रोजी चलाते हैं। काश्तकारी से जुड़ी ग्राम संगठन की अध्यक्ष अटठा्ईस वर्षीया श्रीमती आरती केवट ने एक बार जब ग्रामीण महिलाओं का सैनिटरी पैड की तरफ रूझान देखा, तो उनके मन में ख्याल आया कि क्यों ना सैनिटरी पैड बनाए जाएं। जिसके बाद उन्होंने इसके लिए कुछ करने की ठानी।
    इसके बाद उन्होंने दो स्वसहायता समूहों के साथ मिलकर सैनिटरी पैड निर्माण का जिम्मा उठाया। समूहों की महिलाओं ने मशीन लगाकर बड़ी संख्या में सैनिटरी पैड तैयार करने की रणनीति बनाई। समूहों द्वारा निर्मित सैनिटरी पैड चल निकले। इनसे समूहों से जुड़ी महिलाओं को कमाई होने लगी। आरती ने बताया कि यह व्यवसाय महिलाओं के लिए फायदेमंद है। ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती संतमती खलको ने बताया कि सैनिटरी पैड निर्माण में समूहों के लिए कमाई की असीम संभावनाएं हैं। कुशलता और मेहनत करने पर इससे ज्यादा लाभ प्राप्त किया जा सकता है। 



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.