Type Here to Get Search Results !

फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण उद्योग से युवाओं को मिल रहा रोजगार (खुशियों की दास्तां)

आकाश साहू ने बेरोजगारों को दिखाई प्रगति की राह


उच्च शिक्षा प्राप्त करके नौकरी की तलाश में भटकने की बजाय युवाओं को स्वयं का उद्योग लगाकर दूसरों को रोजगार देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं जबलपुर के आकाश साहू। उनके फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण उद्योग में 10 अन्य लोगों को रोजगार मिल रहा है। इस उद्योग को लगाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार की युवा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से आकाश को सहायता मिली है।
    एमबीए तक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद आकाश साहू ने निश्चय किया कि वे नौकरी करने के स्थान पर स्वयं का उद्योग लगाएंगे, जिसमें दूसरे लोगों को भी रोजगार दिया जा सके। आकाश ने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में अधिकारियों से संपर्क किया। उन्हें जानकारी मिली कि मप्र सरकार द्वारा बेरोजगारों को स्वयं का उद्योग अथवा व्यवसाय शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना चलाई जा रही है। आकाश ने सर्वे किया कि जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में फ्लाई ऐश ब्रिक्स की अच्छी मांग है। निर्माण कार्यों में लोग पारम्परिक ईंटों के स्थान पर फ्लाई ऐश ब्रिक्स का उपयोग कर रहे हैं।
    आकाश साहू ने अपने इस उद्योग की स्थापना के लिए प्रोजेक्ट तैयार कर उद्योग केन्द्र में आवेदन किया। आवेदन के साथ आवश्यक मशीनों/उपकरणों का विवरण एवं कोटेशन लगाए। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने आकाश के आवेदन को अनुमोदित कर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सिविल लाइन जबलपुर शाखा को भेज दिया।
    बैंक अधिकारियों ने आकाश से पूछताछ कर उद्योग लगाने के लिए प्रस्तावित स्थान का मुआयना किया और फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण उद्योग शुरू करने के लिए 19.50 लाख रूपए का लोन और 4.40 लाख रूपए की लिमिट स्वीकृत की। इसके बाद आकाश ने फ्लाई ऐश निर्माण उद्योग स्थापित किया। अब इस उद्योग में 10 अन्य लोग और काम कर रहे हैं। फ्लाई ऐश की जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में अच्छी मांग है। फ्लाई ऐश निर्माण का उद्योग अच्छा चल रहा है। आकाश बैंक लोन की किस्तें समय पर जमा कर रहे हैं।
    फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण उद्योग से आकाश साहू के परिवार की आर्थिक उन्नति हुई है। उनकी फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण की बीएमसी इंडस्ट्रीज बरगी कालोनी जबलपुर में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है, इसमें दूसरों को भी रोजगार मिल रहा है। आकाश साहू उद्योग स्थापना में मिली सफलता के लिए मप्र सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हैं।  


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.